जीवन का दर्शन

भिंचे हुए जबड़े दर्द कर रहे हैं
कितनी देर तक दबाया जा सकता है
अन्‍दर खौलते लावे को?
किसी भी पल
खोपड़ी क्रेटर में बदल जाए
उससे पहले
जानलेवा ऐंठन को
लोमड़ी की पूंछ से बांधकर
दाग देना होगा।

हमले से बढ़कर
हिफ़ाज़त की कई रणनीति नहीं है
बेकार है यह सवाल कि
संगीन
किस कारखाने में ढली है।

दरअसल
इंसाफ और सच्‍चाई में
इंसानी दख़ल से
संगीन कोई जुर्म
नहीं है।

ताकत
बंदूक की फ़ौलादी
नली से निकलती है
या कविता के काग़ज़ी
कारतूस से?

भिंचे हुए जबड़े दर्द कर रहे हैं
कब तक दबाओगे खौलते लावे को?